समाचार एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार, गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6764 को ईंधन की कमी के कारण बंगलूरू की ओर मोड़ना पड़ा। पायलट ने हालात को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को ‘फ्यूल मेडे’ संदेश भेजा।
बताया गया कि चेन्नई एयरपोर्ट पर भारी ट्रैफिक की वजह से विमान को समय पर उतरने की अनुमति नहीं मिली और उसे हवाई अड्डे के आस-पास चक्कर लगाते रहना पड़ा। रनवे उपलब्ध न होने के कारण ईंधन तेजी से खत्म हो रहा था, ऐसे में पायलट ने बंगलूरू डायवर्ट होने का फैसला लिया। रात 8:15 बजे विमान को बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद यात्रियों को विमान से उतारा गया, विमान में ईंधन भरा गया और यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। ईंधन भरने के बाद फ्लाइट ने रात 10:24 बजे दोबारा उड़ान भरी और चेन्नई के लिए रवाना हुई। विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई पहुंचा। इस पूरी घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
इससे पहले शुक्रवार को चेन्नई से मदुरै जा रही इंडिगो की एक और फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद ही वापस लौटना पड़ा था। यह फ्लाइट 68 यात्रियों को लेकर सुबह 7:55 बजे रवाना हुई थी, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिलने पर पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को चेन्नई वापस ले जाने का निर्णय लिया। विमान सुरक्षित तरीके से उतारा गया और सभी यात्री सुरक्षित थे।






