जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के चलते मंगलवार को अर्धकुंवारी के पास यह दुर्घटना हुई। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भूस्खलन की चपेट में आने से 5 श्रद्धालुओं की मौत और 14 अन्य घायल हुए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
श्राइन बोर्ड ने पोस्ट करते हुए लिखा, “जय माता दी। अर्धकुंवारी में भूस्खलन की एक दुखद घटना में 5 श्रद्धालुओं ने अपनी जान गंवाई है और 14 घायल हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।” हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं का एक जत्था भवन की ओर बढ़ रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ, श्राइन बोर्ड कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। लैंडस्लाइड के कारण वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में लगातार बारिश के चलते मंगलवार दोपहर भूस्खलन हुआ।
जिला प्रशासन और पुलिस हालात पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में और भूस्खलन हो सकते हैं।
इसी बीच, मंगलवार को ही डोडा जिले में भारी बारिश से 9 लोगों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों से जारी बारिश की वजह से जम्मू संभाग में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है।
कटरा से वैष्णो देवी जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन, 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल






