दिल्ली के कई क्षेत्रों में कुट्टू का आटा खाने के बाद लगभग 150 से 200 लोगों ने उल्टी और बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशेष यादव ने सभी मरीजों की स्थिति को स्थिर बताया है।
उत्तर-पश्चिम जिले के विभिन्न इलाकों में कुट्टू का आटा खाने के बाद सैकड़ों लोग बीमार हो गए। सभी को बाबू जगजीवन राम अस्पताल लाया गया। जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के 6:10 बजे जहांगीरपुरी थाना पुलिस को बड़ी संख्या में लोगों के कुट्टू का आटा खाने के बाद बेचैनी की शिकायत मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंची। पूछताछ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशेष यादव ने बताया कि जहांगीरपुरी, महेंद्र पार्क, समयपुर, भलस्वा डेयरी, लाल बाग और स्वरूप नगर जैसे इलाकों से लगभग 150-200 लोग उल्टी और बेचैनी की शिकायत लेकर आपातकालीन वार्ड में आए थे। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों की हालत स्थिर है और किसी को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी। किसी भी मामले को गंभीर नहीं माना गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय दुकानदारों, विक्रेताओं और निवासियों को बीट स्टाफ और जनसंपर्क प्रणालियों के माध्यम से जागरूक करना शुरू कर दिया है। मामले की आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए खाद्य विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।
दिल्ली: नवरात्रि के पहले ही दिन कुट्टू का जहरीला आटा खाने से 200 लोग भर्ती





