तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपने दोस्त के साथ घूमने गई एक कॉलेज छात्रा के साथ तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि छात्रा के दोस्त की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार रात एयरपोर्ट के पास हुई। पुलिस ने एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का बयान
कोयंबटूर के पुलिस कमिश्नर सर्वानन सुंदर ने बताया कि कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म और उसके दोस्त की हत्या के तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। उन्हें कोयंबटूर के बाहरी इलाके से पकड़ा गया, जब वे मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उनके पैरों में गोली मारकर काबू पाया। आरोपियों की पहचान गुना, करुप्पासामी और कार्तिक उर्फ कालीश्वरम के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान एक हेड कॉन्स्टेबल भी घायल हो गए।
घटना का विवरण
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्रा कोयंबटूर के एक निजी कॉलेज में पढ़ती है। रविवार रात वह अपने पुरुष मित्र के साथ कार में एयरपोर्ट के पास घूम रही थी। तभी तीन आरोपी वहां पहुंचे, उन्होंने छात्रा के दोस्त को बुरी तरह पीटा और छात्रा का अपहरण कर दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों की पिटाई के चलते महिला के दोस्त की मौत हो गई।
राजनीतिक विवाद भड़का
इस जघन्य घटना के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। विपक्षी दलों ने राज्य की सत्ताधारी डीएमके सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया है। एआईएडीएमके ने कोयंबटूर सहित राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। वहीं भाजपा ने भी बीती शाम कोयंबटूर में प्रदर्शन किया। भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में तेजी आई है और पुलिस बल की भारी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अन्ना यूनिवर्सिटी में हुए सामूहिक दुष्कर्म के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि एक और घटना ने राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया, “राज्य की कानून व्यवस्था आखिर कहां है?”






