- पुरस्कार पाकर ट्रंप बोले यह मेरे लिए सम्मान की बात
- ट्रंप पहले भी सार्वजनिक रूप से जता चुके हैं नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा
वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने सम्मान स्वरूप अपना नोबेल शांति पुरस्कार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सौंपा है। गुरुवार को मचाडो ने व्हाइट हाउस पहुंचकर राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की। इस अवसर पर ट्रंप ने उन्हें धन्यवाद देते हुए इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया। मचाडो ने बताया कि उन्होंने प्रतीकात्मक तौर पर अपना नोबेल शांति पुरस्कार राष्ट्रपति ट्रंप को भेंट किया। यह मुलाकात व्हाइट हाउस में हुई। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने पुरस्कार को औपचारिक रूप से स्वीकार किया या नहीं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, मचाडो ने इस विषय पर आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
जानिए मरिया की व्हाइट हाउस यात्रा के दौरान क्या हुआ
- मारिया कोरिना मचाडो गुरुवार को राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत के लिए व्हाइट हाउस पहुंचीं।
- दोनों नेताओं के बीच यह उच्चस्तरीय मुलाकात दुर्लभ मानी जा रही है।
- मचाडो सफेद रंग का सूट पहने एसयूवी वाहन से व्हाइट हाउस पहुंचीं।
- कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें अंदर ले जाया गया। यह जानकारी समाचार एजेंसी फ्रांस प्रेस के फोटोग्राफर ने दी।
- अधिकारियों के अनुसार, यह मुलाकात बंद कमरे में दोपहर के भोजन के दौरान हुई।
नोबेल पुरस्कार को लेकर ट्रंप की पूर्व राय
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप पहले भी सार्वजनिक रूप से नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा जता चुके हैं। वहीं, नोबेल समिति का कहना है कि यह पुरस्कार किसी अन्य व्यक्ति को स्थानांतरित नहीं किया जा सकता। व्हाइट हाउस बैठक के बाद अमेरिकी संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में मचाडो ने कहा कि उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति को नोबेल शांति पुरस्कार भेंट किया है।
राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रिया
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वेनेजुएला की मारिया कोरिना मचाडो से मिलना उनके लिए बड़े सम्मान की बात थी। उन्होंने मचाडो को एक साहसी और प्रेरणादायक महिला बताया, जिन्होंने जीवन में कई कठिनाइयों का सामना किया है। ट्रंप ने कहा कि मारिया ने उनके कार्यों के सम्मान में अपना नोबेल शांति पुरस्कार उन्हें दिया। उन्होंने धन्यवाद देते हुए इसे आपसी सम्मान की एक अद्भुत अभिव्यक्ति बताया।






