
भारत के खिलाफ मैच को लेकर हफ्तों चली तनातनी के बाद पाकिस्तान आखिरकार मैदान में उतरने को तैयार हुआ, लेकिन इसी बीच पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी का बयान एक नई बहस की वजह बन गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर का नाम लेकर शक्ति प्रदर्शन की कोशिश की, जिससे पाकिस्तान की स्थिति और असहज हो गई। फैसलों में नरमी और बयानों में सख्ती की यह दोहरी नीति पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाती नजर आई।
टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर लंबे समय तक चले ड्रामे के बाद जब अंततः खेलने पर सहमति बनी, उसी दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने विवाद को और हवा दे दी। समझौते से कुछ घंटे पहले उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान पर किसी तरह का दबाव नहीं है। नकवी ने कहा, “न मुझे भारत या आईसीसी की धमकियों से डर लगता है और न ही पाकिस्तान सरकार को। जहां तक फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की बात है, आप उन्हें जानते हैं, वह कभी नहीं डरते।” हालांकि, यह बयान अब सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा और आलोचना का विषय बन गया है। कई लोगों का कहना है कि जब अंततः मैच खेलने का फैसला लेना ही पड़ा, तो इस तरह की आक्रामक भाषा पाकिस्तान की स्थिति को मजबूत करने के बजाय विरोधाभासी बनाती है।
ताकत का संकेत या सियासी संदेश?
हाल के दिनों में आसिम मुनीर को पाकिस्तान में सैन्य शक्ति और प्रतिष्ठा के प्रतीक के रूप में पेश किया जाता रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उन्हें फील्ड मार्शल बनाए जाने को एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर प्रचारित किया गया। लेकिन खेल से जुड़े विवाद में सेना के शीर्ष पद का उल्लेख करना कई विश्लेषकों को असहज लगा। उनका मानना है कि यह बयान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अधिक घरेलू राजनीतिक दर्शकों को साधने की कोशिश जैसा प्रतीत होता है। आलोचकों का यह भी कहना है कि पाकिस्तान पहले से ही आतंकवाद को लेकर वैश्विक सवालों के घेरे में रहा है। देश के भीतर सुरक्षा चुनौतियां बनी हुई हैं। हाल ही में इस्लामाबाद में हुए विस्फोट में कई लोगों की जान गई थी। ऐसे में सेना और गृह मंत्रालय की प्राथमिकता अपने नागरिकों की सुरक्षा होनी चाहिए, न कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तीखे बयान।
भारत के खिलाफ मैच को लेकर पाकिस्तान की ओर से हफ्तों तक बहिष्कार, शर्तों और बयानबाजी का दौर चला। हालांकि, अंत में कूटनीतिक प्रयासों, अंतरराष्ट्रीय दबाव और बातचीत के बाद पाकिस्तान को तय कार्यक्रम स्वीकार करना पड़ा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व में हुई चर्चा के बाद टीम को 15 फरवरी को मैच खेलने की अनुमति दी गई। सरकार ने इसे बहुपक्षीय संवाद का परिणाम बताया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की भावना को बनाए रखना जरूरी था। लेकिन सवाल यही उठा कि अगर अंत में खेलना ही था, तो फिर इतनी तीखी बयानबाजी और इतना लंबा ड्रामा किसके लिए किया गया?
आईसीसी का रुख
आईसीसी ने इस पूरे मामले पर अपनी बैठकों को सकारात्मक बताया और माहौल को रचनात्मक करार दिया। किसी तरह की सजा या कार्रवाई की बात सामने नहीं आई। स्पष्ट हो गया कि विवाद का समाधान बातचीत से निकला, न कि आक्रामक बयानों से।
इस घटनाक्रम ने यह संदेश दिया कि ऊंची आवाज और धमकी भरे शब्द न तो समस्या सुलझाते हैं और न ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभाव छोड़ते हैं। उल्टा, ऐसे बयान देश और नेतृत्व को आलोचना का पात्र बना देते हैं। जिस बांग्लादेश के मुद्दे पर पाकिस्तान ने सख्त रुख दिखाने की कोशिश की थी, वही अंत में मैच खेलने के समर्थन में नजर आया। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर यह सारी बयानबाजी किस उद्देश्य से की गई थी।






