
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान गुरुवार शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विमान कुछ समय पहले ही रडार से गायब हो गया था। जानकारी के अनुसार लड़ाकू विमान ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। विमान से अंतिम संपर्क शाम करीब 7 बजकर 42 मिनट पर हुआ था, जिसके बाद उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार्बी आंगलोंग जिले के रंखखोलान गांव के पास स्थित कोला पहाड़ क्षेत्र में शाम करीब 7 बजकर 50 मिनट पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। लोगों ने आसमान में आग का बड़ा गोला उठते देखा, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूत्रों के अनुसार दुर्घटना स्थल कार्बी आंगलोंग जिले के रंगखोलान क्षेत्र के निलीप ब्लॉक के पास दुर्गम पहाड़ी इलाके में बताया जा रहा है। यह क्षेत्र घने जंगलों और ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है, जिसके कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सेना और वायुसेना की टीमें मौके पर भेज दी गई हैं। हेलीकॉप्टर की मदद से पूरे इलाके की हवाई निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। राहत और बचाव दलों के मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।






