दिल्ली में मेडिकल छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। रविवार को आसपास के लोगों ने पुलिस को कॉल करके मामले की जानकारी दी थी, कि एक लड़की अपने कमरे में बेहोश पड़ी है, और कमरा अंदर से बंद है। जब पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने वहां जाकर दरवाजा खोला तो वह सन्न रह गए। लड़की सीलिंग फैन से झुल रही थी। पुलिस की टीम ने लड़की को नीचे उतारा। इसके बाद CATS स्टाफ ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि मृतक लड़की के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है। रूम से लड़की का मोबाइल फोन मिला है। पुलिस अब मोबाइल से कॉल डिटेल खंगालेगी।
हाथ में लगी थी ड्रिप
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि मृतक के हाथ में एक कैनुला और दो ड्रिप लगी हुई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले वह कमरे के अंदर सीलिंग फैन के सहारे लटकी हुई मिली थी। शव को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने लड़की का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल की गहन जांच की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल में कॉल डिटेल खंगालने से आत्महत्या की वजह का पता चल सकेगा। पुलिस इस मामले में कई और एंगल में भी जांच करने वाली है। पुलिस मामले की जांच के लिए स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ करेगी.
दिल्ली: मेडिकल छात्रा ने की आत्महत्या, पंखे से झूलता मिला शव, पुलिस ने जांच शुरू की




