राजस्थान में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी से दहशत का माहौल बन गया है। रेलवे स्टेशनों के बाद अब जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सीआईएसएफ और एयरपोर्ट प्रशासन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। न केवल जयपुर और जोधपुर, बल्कि दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद, चेन्नई, मुंबई, अमृतसर, पटना, वाराणसी, बेंगलुरु और लखनऊ सहित कई अन्य एयरपोर्ट को भी धमकी भरा मेल भेजा गया है। धमकी के बाद बम निरोधक दस्ते ने जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट की गहन जांच की, हालांकि, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मेल में लिखा गया था, “याद रखना हमने दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों से अकेले मुकाबला किया है। हर जगह बूम… बूम… बूम होगा। मैंने उनके घमंड को तोड़ा है और उन्हें निराश किया है। और बड़े धमाके होंगे!” मेल में धमकी देने वाले ने खुद को ‘जय महाकाल’ और ‘जय मां आदिशक्ति’ के नारों के साथ संबोधित किया। मेल के अंत में लिखा गया, “कोई नहीं रोक सकेगा, कोई नहीं बच पाएगा। खेल शुरू हो गया है।”
सुरक्षा बढ़ाई गई, जवान अलर्ट
धमकी भरा मेल मिलने के बाद जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने सुरक्षा बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रख रही हैं और यात्रियों के सामान की गहन जांच की जा रही है। साइबर टीम यह जांच कर रही है कि मेल किसने भेजा है।
जयपुर एयरपोर्ट को कई बार मिली धमकी
जयपुर एयरपोर्ट पर बम धमाकों की अफवाहें नई नहीं हैं। इससे पहले भी एयरपोर्ट प्रशासन को मेल द्वारा बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। 27 दिसंबर 2023, 16 फरवरी, 26 अप्रैल, 29 अप्रैल, 18 जून और 22 अगस्त 2024 को भी ऐसी ही धमकियां मिली थीं, लेकिन हर बार वे झूठी साबित हुईं।
जैश-ए-मोहम्मद के नाम से मिली थी धमकी
ध्यान देने योग्य बात यह है कि तीन दिन पहले हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को डाक द्वारा पत्र भेजकर जयपुर सहित प्रदेश के 8 रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह पत्र जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन के नाम से भेजा गया था। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर राज्य रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने सर्च अभियान चलाया, हालांकि पत्र भेजने वाले का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सीआईएसएफ ने सुरक्षा बढ़ाई






