जम्मू-कश्मीर से रविवार को राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। इस संबंध में एक अधिसूचना केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हस्ताक्षरित इस अधिसूचना में कहा गया है कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 239 और 239A के तहत जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 की धारा 73 के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए 31 अक्टूबर 2019 का आदेश जारी किया गया है। जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 की धारा 54 के तहत मुख्यमंत्री की नियुक्ति से पहले कश्मीर से राष्ट्रपति शासन हटा दिया जाएगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव जीता है और अब सरकार बनाने की तैयारी कर रहा है। उमर अब्दुल्ला गठबंधन के नेता चुने गए हैं और वे जम्मू-कश्मीर के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। 31 अक्टूबर 2019 को जम्मू और कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों – जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित करने के बाद से यहां केंद्रीय शासन लागू था। जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 को संसद ने 5 अगस्त 2019 को पारित किया था। पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत विशेष दर्जा प्राप्त था, जिसे 31 अक्टूबर 2019 को समाप्त कर दिया गया था। इससे पहले, बीजेपी ने पीडीपी के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस ले लिया था, जिसके चलते तत्कालीन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने 19 जून 2018 को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 31 अक्टूबर 2019 को जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय शासन लगाया गया था।
जम्मू कश्मीर से राष्ट्रपति शासन हटा, उमर अब्दुल्ला 16 अक्टूबर को लेंगे शपथ



