अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अवैध प्रवासियों के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन देश में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के खिलाफ सैन्य बलों का उपयोग कर सकता है। इस मुद्दे को लेकर अमेरिका में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने की भी योजना है। डोनाल्ड ट्रंप ने “एक्स” पर टॉम फिटॉन नामक व्यक्ति की पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए इस निर्णय की पुष्टि की। टॉम फिटॉन ने लिखा था कि ट्रंप प्रशासन अमेरिका में नेशनल इमरजेंसी लागू कर सेना के जरिए बड़ी संख्या में अवैध प्रवासियों को निकालने की तैयारी कर रहा है।
सीमा सुरक्षा प्रमुख टॉम होमन ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो डेमोक्रेटिक शासित राज्य इस निर्वासन अभियान में सहयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें “हमारी राह से हट जाना चाहिए।” होमन ने यह भी कहा कि प्रशासन पहले उन 4 लाख 25 हजार अवैध प्रवासियों को निर्वासित करेगा, जिनके खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद हैं। होमन ने अपनी व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि सीमा सुरक्षा एजेंटों को अब अवैध प्रवासियों को रोकने के बजाय उन्हें “ट्रैवल एजेंट” की तरह काम करते हुए देखा जा रहा है। वे उन्हें मुफ्त हवाई टिकट, होटल और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जबकि अमेरिकी नागरिक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
गौरतलब है कि अवैध प्रवासियों को अमेरिका में प्रवेश से रोकना ट्रंप प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में हर चौथा प्रवासी अवैध है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के आंकड़ों के मुताबिक, 2020 के बाद से देश में अवैध प्रवासियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लाखों लोग होंगे बाहर; डोनाल्ड ट्रंप






