नेपाल में जारी विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा हालात को देखते हुए त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का बंद रहने का समय बढ़ा दिया गया है। इसी के चलते इंडिगो एयरलाइंस ने नई ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि काठमांडू से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 10 सितंबर 2025 की शाम 6 बजे तक रद्द रहेंगी। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इंडिगो ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्हें यात्रियों को हो रही असुविधा का अंदाजा है और इसके लिए फ्लेक्सिबल विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। जिन यात्रियों ने 9 सितंबर 2025 या उससे पहले बुकिंग की है, वे 12 सितंबर तक री-शिड्यूलिंग और कैंसिलेशन की सुविधा ले सकते हैं। यात्री एयरलाइन की वेबसाइट पर जाकर रिफंड या अन्य वैकल्पिक यात्रा विकल्प चुन सकते हैं।
नेपाल में प्रदर्शन और सेना की तैनाती
नेपाल में जेन-जी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंधों को लेकर व्यापक विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। हालात बिगड़ने पर त्रिभुवन हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सेना तैनात की गई है। इन घटनाओं में कई लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की खबर है।
यात्रियों से धैर्य की अपील
इंडिगो ने कहा कि उनकी टीमें स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और हालात सामान्य होते ही उड़ानें बहाल कर दी जाएंगी। यात्रियों से धैर्य और सहयोग की अपील करते हुए एयरलाइन ने नियमित अपडेट्स के लिए अपने आधिकारिक चैनलों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।




