जम्मू: लेह जिले में हालात सामान्य होने के बाद आज से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल दोबारा खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेंगी। सार्वजनिक परिवहन की सभी बसों को भी संचालन की अनुमति दे दी गई है।
प्रशासन की ओर से लगातार पाबंदियों में ढील दी जा रही है। इस संबंध में आदेश लेह के अतिरिक्त उपायुक्त गुलाम मोहम्मद द्वारा जारी किए गए हैं। इससे पहले जिले में आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को खोलने की अनुमति दी जा चुकी थी। प्रशासन नियमित रूप से जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा कर रहा है। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता भी हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। वे रोजाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं। हालांकि, इंटरनेट सेवाएं मंगलवार, 7 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी। मंगलवार शाम हालात की समीक्षा के बाद ही इन सेवाओं को बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा। इंटरनेट बंद रहने से स्थानीय लोगों, विशेषकर छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
न्यायिक जांच की मांग तेज
लेह हिंसा मामले में प्रशासन द्वारा मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए जाने के बावजूद स्थानीय लोग न्यायिक जांच की मांग पर अडिग हैं। उनका कहना है कि इस घटना की जांच किसी हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए। लोगों ने मजिस्ट्रेटी जांच की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए इसे अपर्याप्त बताया है।






