
प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति सहित लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस और बलिदान को नमन किया। तीनों नेताओं ने वीर जवानों की अदम्य वीरता को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान और साहस हर भारतीय को शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि पुलवामा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की देशभक्ति, सेवा और दृढ़ संकल्प सदैव राष्ट्र की सामूहिक स्मृति में जीवित रहेंगे और उनकी वीरता से देशवासियों को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके पराक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि पुलवामा के दुस्साहसी आतंकी हमले में शहीद हुए वीरों का सर्वोच्च बलिदान देश हमेशा याद रखेगा और भारत माता की रक्षा में उनके योगदान के लिए राष्ट्र सदा कृतज्ञ रहेगा।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी बलिदानी जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च त्याग हमेशा राष्ट्र की चेतना में अंकित रहेगा और एक सशक्त व सुरक्षित भारत के निर्माण के लिए हमें प्रेरित करता रहेगा।
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में हुए आत्मघाती हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। 78 बसों के काफिले में सफर कर रहे लगभग 2,500 सीआरपीएफ जवानों में से 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।
हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हवाई कार्रवाई की। पुलवामा की यह घटना भारत-पाक संबंधों में तनाव बढ़ाने के साथ-साथ आतंकवाद और सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का कारण बनी। यह दिन देश के लिए ‘ब्लैक डे’ के रूप में याद किया जाता है, जब 40 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए।






